ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत
गोबरा नवापारा। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित ग्राम सभा की बैठक उस समय हंगामे में बदल गई जब उपसरपंच ने सरपंच पुत्र सहित कई लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया।
मामले को लेकर थाना गोबरा नवापारा में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जौंदी में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान कुछ नाम सूची में शामिल नहीं होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उपसरपंच पोखन लाल यदु ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सरपंच पुत्र टोमन साहू ने छह अन्य लोगों के साथ मिलकर बैठक के दौरान उनका कॉलर पकड़ लिया तथा सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए और उन्हें चोटें आईं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना का कुछ लोगों द्वारा वीडियो बनाया गया है।उपसरपंच ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पूर्व भी पंचायत बैठकों के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया जा चुका है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पक्ष जानने का प्रयास l इस संबंध में सरपंच पुत्र टोमन साहू का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर प्रकाशन किए जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें