खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, लखना पारागांव और पीतईबंद में अवैध रेत खनन पर कड़ा प्रहार


गोबरा नवापारा: खनिज विभाग रायपुर ने महानदी के पीतईबंद और लखना पारागांव क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। लंबे समय से पीतईबंद में रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध रेत खनन और परिवहन कर रहे थे। गरियाबंद जिले के पीतईबंद से हाइवा वाहनों के जरिए रेत को रायपुर जिले के लखना कोलियारी तक ले जाया जा रहा था। माफिया प्रशासन की नजरों से बचने के लिए गरियाबंद और रायपुर जिले की सीमाओं का फायदा उठाते थे। जैसे ही रायपुर प्रशासन कार्रवाई के लिए पहुंचता, माफिया खुदाई वाहनों को गरियाबंद की ओर ले जाकर बच निकलते थे। 
लेकिन इस बार खनिज विभाग ने सख्ती दिखाते हुए पीतईबंद में नदी पर अवैध रेत खनन के लिए बनाए गए रैंप और सड़क को जेसीबी से खोदकर तहस-नहस कर दिया। इसके साथ ही लखना पारागांव में भी अवैध रेत खनन के रैंप को 13 जगहों पर तोड़ा गया। इस कार्रवाई में उप संचालक खनिज के.के. गोलघाटे, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, खनिज निरीक्षक जागृत गायकवाड़ और स्तुति निगम, सर्वेयर रघुनाथ भारद्वाज, सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा, बेलचंदन, केशरवानी, जितेंद्र, गोलू वर्मा, दया साहू, लुकेश वर्मा, रिजवान खान और चंद्रकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  
गरियाबंद और रायपुर जिले के उच्च अधिकारियों को इस अवैध कारोबार की जानकारी पहले ही दी जा चुकी थी, जिसके बाद यह संयुक्त कार्रवाई सफल रही। खनिज विभाग की इस सक्रियता से अवैध रेत खनन पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और मांग की है कि भविष्य में भी ऐसी सख्ती जारी रहे ताकि पर्यावरण और नदी तटों को नुकसान पहुंचाने वाले माफियाओं पर लगाम कसी जा सके।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव