अघोषित बिजली कटौती से परेशान गोबरा नवापारा के लोग, कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी


गोबरा नवापारा, विगत 5 से 6 माह से गोबरा नवापारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से स्थानीय लोग बुरी तरह परेशान हैं। हल्की हवा या तूफान के चलते घंटों बिजली गुल हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। 
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन इन शिविरों में बिजली कटौती जैसी मूलभूत समस्या का निराकरण न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस नेताओं ने इन शिविरों को 'ढकोसला' करार देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। 
इसी कड़ी में, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शौरभ शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जीत सिंग, अर्जुन साहू, अजय साहू, हेमंत साहनी, पार्षद टिकेश गिलहरे, राकेश सोनकर, शाहिद रजा, राजा चावला, राम रतन निषाद, प्रतीक साहू सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। 
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आगामी दिनों में बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और शासन की उदासीनता के कारण जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
स्थानीय लोगों ने कांग्रेस नेताओं के इस कदम का समर्थन किया और मांग की कि बिजली विभाग तत्काल प्रभाव से कटौती बंद करे और आपूर्ति सुचारू करे। इस प्रदर्शन ने क्षेत्र में बिजली विभाग के प्रति बढ़ते असंतोष को उजागर किया है।

टिप्पणियाँ