रेत माफियाओं पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पनडुब्बी मशीन और चेन माउंटेन जप्त


गोबरा नवापारा: रायपुर जिले के नवापारा क्षेत्र के ग्राम पारागांव में एनजीटी के प्रतिबंध को ठेंगा दिखाते हुए रेत माफियाओं का काला कारोबार जोरों पर था। लेकिन आज सुबह खनिज विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रेत माफियाओं के होश उड़ा दिए। पहली बार पनडुब्बी मशीन, चेन माउंटेन और 20 हाइवा रेत जप्त कर माफियाओं के अवैध खेल पर करारा प्रहार किया गया।

प्रतिबंध को ताक पर रख चल रहा था खेल

एनजीटी के निर्देशानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत उत्खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद रेत माफिया बेखौफ होकर महानदी का सीना छलनी कर रहे थे। रात के अंधेरे में चेन माउंटेन और पनडुब्बी मशीनों के जरिए रेत की चोरी का काला धंधा सरपंच और जनप्रतिनिधियों की नाक के नीचे चल रहा था।

ऐसे चलता था रेत तस्करी का हाईटेक खेल

बरसात के कारण नदियों में पानी की अधिकता होने पर रैम बनाना मुश्किल होने से माफिया अब पनडुब्बीनुमा मशीनों और बोट का इस्तेमाल कर रहे हैं। ये मशीनें नदी के बीच में बोट के सहारे लगाई जाती हैं, जो पाइप के जरिए पानी के अंदर से रेत निकालकर किनारे पर डंप करती हैं। फिर चेन माउंटेन के जरिए रेत को हाइवा में लादकर अवैध परिवहन किया जाता है। दिन के उजाले में बोट, पाइपलाइन और चेन माउंटेन को अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर माहौल को सामान्य दिखाया जाता है, और रात होते ही खेल फिर शुरू हो जाता है।

प्रशासन का तूफानी एक्शन

आज सुबह अभनपुर SDM रवि सिंग के निर्देश पर नवापारा तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापा मारा और खनिज विभाग को सूचना दी। डिप्टी डायरेक्टर प्राची अवस्थी के नेतृत्व में खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, खनिज निरीक्षक जागृत गायकवाड, हेलेंद्र स्वर्णपाल, सुपरवाइजर डी.के. साहू, वाहन चालक दिनेश तिवारी और पांच सिपाहियों की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। 

टीम ने तस्करों द्वारा छिपाए गए चेन माउंटेन, पनडुब्बी मशीन और 20 हाइवा रेत को जप्त किया। माफियाओं ने चेन माउंटेन को जंगल में छिपाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे खोज निकाला। पनडुब्बी मशीन को 1 किमी दूर दूसरे घाट पर छिपाया गया था, जिसे कई घंटों की मशक्कत के बाद नदी के रास्ते तट तक लाकर थाने भेजा गया। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी।

रेत माफियाओं में हड़कंप, जनता ने की सराहना 

इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए रेत माफियाओं पर और सख्ती की मांग की है। यह कार्रवाई अवैध रेत खनन के खिलाफ एक मिसाल बनकर उभरी है।

टिप्पणियाँ