श्री कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय, गोबरा-नवापारा में भूतपूर्व छात्र-छात्रा सम्मेलन का आयोजन


गोबरा-नवापारा। श्री कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय, गोबरा-नवापारा में स्थापना रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भूतपूर्व छात्र-छात्रा सम्मेलन (Alumni Meet) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न सत्रों में अध्ययनरत रहे छात्र-छात्राएँ पुनः अपने पुराने परिसर में एकत्र हुए और महाविद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात् प्राचार्य ने सभी आगंतुक भूतपूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि – “पूर्व छात्र-छात्राएँ किसी भी संस्थान की धरोहर होती हैं। उनकी उपलब्धियाँ संस्था का गौरव बढ़ाती हैं और वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरणा देती हैं।”

इस अवसर पर अनेक पूर्व छात्रों ने महाविद्यालय में अपने अनुभव साझा किए तथा वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन प्रस्तुत किया।

भूतपूर्व छात्र तेजश्वर ने कहा कि – “इस महाविद्यालय ने हमें न केवल शिक्षा दी बल्कि जीवन मूल्यों को भी सिखाया। यहाँ का वातावरण हमेशा हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा है।”
हिमानी साहू ने अपने विचार रखते हुए कहा – “यहाँ के प्राध्यापकों का सहयोग और मार्गदर्शन मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। आज भी मैं खुद को इस परिवार का हिस्सा मानती हूँ।”
सोनिया निषाद ने कहा – “महाविद्यालय में बिताए गए पल अविस्मरणीय हैं। इस सम्मेलन ने हमें फिर से उन्हीं सुनहरे दिनों में लौटा दिया।”

मुख्य अतिथि एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री जीना निषाद ने अपने उद्बोधन में कहा – “किसी भी संस्था से निकले छात्र जब उच्च पदों पर पहुँचते हैं, तो उनका सबसे बड़ा दायित्व होता है कि वे अपनी सरलता एवं सहजता बनाए रखें। यही गुण उन्हें समाज में सम्मान और आदर्श बनाते हैं। महाविद्यालय परिवार की यही अपेक्षा है कि यहाँ से निकले छात्र-छात्राएँ सदैव विनम्रता और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखें।”

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक श्री टिकेश्वर सिंह मरकाम द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. प्रेमेन्द्र कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर डॉ. उपाध्याय ने कहा कि – “भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का यह सम्मेलन न केवल हमें पुरानी यादों से जोड़ता है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। पूर्व छात्रों के अनुभव और सुझाव महाविद्यालय की प्रगति में निश्चित ही सहायक सिद्ध होंगे।”

इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री जीना निषाद एवं महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक उपस्थित रहे जिनमें श्री एस. आर. वड्डे, डॉ. प्रेमेन्द्र कुमार उपाध्याय, श्री टिकेश्वर सिंह मरकाम, डॉ. अनीता साहा, श्रीमती श्वेता मिश्रा, श्री पुरुषोत्तम कुमार काबरा, श्री पीयूषकांत भारद्वाज, श्रीमती मोनिका साहू, श्रीमती नंदनी साहू, सुश्री पुष्पलता कँवर एवं सुश्री साक्षी मेश्राम, सभी अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं भूतपूर्व तथा वर्तमान छात्र-छात्राएँ प्रमुख रूप से सम्मिलित थे।

कार्यक्रम में आए सभी भूतपूर्व छात्र-छात्राओं एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

भूतपूर्व छात्र-छात्रा सम्मेलन ने पुराने और वर्तमान पीढ़ी के बीच एक सेतु का कार्य किया तथा महाविद्यालय परिवार में आत्मीयता और सहयोग की नई ऊर्जा का संचार किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव