विधायक रोहित साहू ने किया प्राथमिक शाला सतनामी पारा का औचक निरीक्षण, बच्चों के सपने और सीखने की ललक देखकर विधायक हुए गद्गद् l
राजिम, 18 नवंबर। गरियाबंद जिले के राजिम विधायक रोहित साहू ने सोमवार को राजिम नगर के सतनामी पारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहाँ अध्ययनरत बच्चों से सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बच्चों की आँखों में भविष्य के प्रति सपने और सीखने की ललक देखकर विधायक श्री साहू गद्गद् हो गए। बच्चों ने निडर होकर उनके सवालों के जवाब दिए और अपनी बातें बेबाकी से रखीं। बच्चों का आत्मविश्वास देखकर विधायक ने कहा कि यह दृश्य सचमुच प्रशंसा के योग्य है।
श्री साहू ने कहा, “शिक्षा हमारे समाज और राष्ट्र की नींव है। इस नींव को मजबूत बनाने का कार्य यहाँ के शिक्षक पूरी लगन और मेहनत से कर रहे हैं। बच्चों में जो उत्साह और जिज्ञासा दिख रही है, वह आने वाले उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।”
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री महेश यादव, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर, सभापति श्री आकाश सिंह राजपूत सहित कई पार्षदगण एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें