नगर में 11 अवैध दुकानों का मामला गरमाया, नागरिकों ने अधिकारी को लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग की
गोबरा नवापारा, स्थानीय नगर पालिका के नाक के नीचे पालिका की शासकीय भूमि पर तर्री रोड में अवैध रूप से बनाई गई 11 दुकानों का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। नगर के जनप्रतिनिधियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को खुला पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि ये 11 दुकानें पूरी तरह अवैध तरीके से बनाई गई हैं। इसकी शिकायत पिछले कई महीनों से बार-बार की जा रही है, स्थानीय समाचार पत्रों में भी यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित हो चुका है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
नागरिकों ने गहरी नाराजगी जताते हुए लिखा है कि इन दुकानों का निर्माण किसके इशारे पर हुआ और आज तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई, यह आश्चर्यजनक है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति नगर पालिका के समानांतर अपनी सरकार चलाने का प्रयास कर रहा है, जो संविधान की भावना के खिलाफ है और प्रशासनिक व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश है। साथ ही निजी स्वार्थ के लिए फर्जी हितग्राहियों की सूची बनाने की बात भी सामने आई है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश पैकरा को ज्ञापन सौंप कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है l
नगर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब सभी की निगाहें नगर पालिका प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मामले में कब और कैसे कार्रवाई करता है। इस ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, सरदार जीत सिंग पूर्व पालिका उपाध्यक्ष,नगर पालिका परिषद नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, पार्षद रामरतन निषाद, पार्षद हेमंत साहनी, तरुण कंसारी, सौरभ सोनी, राकेश सोनकर, अजय साहू, अर्जुन साहू, रामा यादव, सहित और भी लोग मौजूद रहे l
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें