राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के आमंत्रण कार्ड में बड़ी लापरवाही! मुख्य पेज पर छपी किसी अन्य जगह की फोटो


राजिम, छत्तीसगढ़ का प्रयागराज कहलाने वाला राजिम धर्म नगरी के कुंभ कल्प मेला 2026 अभी शुरू होने से पहले ही चर्चाओं की भेंट चढ़ गया है। इस बार 1 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए छपाए गए आधिकारिक आमंत्रण कार्ड के मुख्य पृष्ठ पर राजिम की बजाय किसी दूसरे स्थान की फोटो छाप दी गई है, जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं और निवासियों में गहरा आक्रोश फैल गया है।

यह लापरवाही तब सामने आई जब कार्ड वितरित होने शुरू हुए। राजिम के राजीव लोचन मंदिर, त्रिवेणी संगम (महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पावन संगम) और मेला स्थल की दर्जनों खूबसूरत तस्वीरें शासन की वेबसाइट, सोशल मीडिया और पर्यटन विभाग के प्रचार सामग्री में उपलब्ध होने के बावजूद, आमंत्रण कार्ड में गलत फोटो का इस्तेमाल कर आस्था के साथ छेड़छाड़ जैसी भावना पैदा हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है, जहां लाखों श्रद्धालु स्नान, शाही स्नान, गंगा आरती और संत समागम के लिए आते हैं। ऐसे में आमंत्रण कार्ड जैसी महत्वपूर्ण दस्तावेज में यह घोर लापरवाही न केवल आयोजन की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि राजिम की विशिष्टता को भी कमजोर करती है।

एक स्थानीय निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "हमारे मंदिर और संगम, मेले की फोटो बहुत से सोशल मीडिया साइट पर उपलब्ध हैं, फिर भी ठेकेदार ने लापरवाही बरती। यह सिर्फ प्रिंटिंग की गलती नहीं, बल्कि हमारी आस्था का अपमान है।"

प्रशासन की भी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। शासन-प्रशासन ने कार्ड छपवाने से पहले क्वालिटी चेक क्यों नहीं किया? पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन गरियाबंद और संबंधित ठेकेदार की निगरानी में यह चूक कैसे हो गई? अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है।

यह घटना पहले से ही टेंडर विवाद और तैयारी में देरी जैसे मुद्दों से जूझ रहे कुंभ कल्प मेला के लिए और विवादास्पद साबित हो रही है। अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन इस बड़ी लापरवाही पर क्या सख्त कार्रवाई करता है – क्या ठेकेदार पर जुर्माना लगेगा, कार्ड वापस बुलाए जाएंगे या सिर्फ माफी मांगकर मामला दबा दिया जाएगा?

राजिम कुंभ कल्प 2026 में इस बार नए 52 एकड़ मेला स्थल पर भव्य आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें महाशिवरात्रि पर विशेष स्नान शामिल है। लेकिन अगर ऐसी लापरवाहियां जारी रहीं, तो आयोजन की सफलता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो और सही फोटो वाले सुधारे हुए कार्ड जारी किए जाएं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव