नकाबपोश चोरों ने रातोंरात उड़ाए सोने-चांदी और नगदी, घटना के बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिक्रिया


नवापारा राजिम ज्वेलरी दुकान में सनसनीखेज चोरी, व्यापारी भड़के - उग्र आंदोलन की चेतावनी

उत्तमचंद संतोष कुमार ज्वेलर्स में बड़ी वारदात, पुलिस की कमी से हौसले बुलंद अपराधियों के • एसपी लाल उमेंद सिंह ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा, एक्सपर्ट टीम रवाना
नवापारा राजिम, व्यापारियों में दहशत का माहौल फैल गया है! कल रात अज्ञात नकाबपोश चोरों ने उत्तमचंद संतोष कुमार ज्वेलर्स में सेंध लगाकर भारी मात्रा में सोना, चांदी और नकद रकम उड़ा ली। यह घटना ऐसे समय हुई है जब नवापारा राजिम में मात्र एक ही पुलिस थाना होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं।
दुकान में घुसपैठ कर चोरों ने तिजोरी और स्टॉक को निशाना बनाया। चोरी की रकम करोड़ों में बताई जा रही है, जिससे ज्वेलरी कारोबारियों में भय का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों में आक्रोश फैल गया।

चेंबर अध्यक्ष सतीश थोरानी ने तत्काल रायपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह से संपर्क किया। एसपी साहब ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द अपराधियों को धर दबोचने का आश्वासन दिया। उन्होंने रायपुर की एक्सपर्ट टीम को तुरंत नवापारा राजिम रवाना कर दिया है। साथ ही जांच टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंच गए हैं।
गोबरा नवापारा जिला इकाई के अध्यक्ष जवाहर जीवननी ने बताया कि नवापारा राजिम के समस्त व्यापारियों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा,  
 "पुलिस की कमी और अपराधियों पर लगाम न लगने से व्यापारियों में दहशत है। यदि अपराधी जल्द पकड़े नहीं गए तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। पहले नवापारा के सभी व्यापारी अपना व्यापार बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश स्तर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स बंद की चेतावनी दी जाएगी। 

यह घटना स्थानीय पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। व्यापारी अब सख्त सुरक्षा और त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच में जुटी है, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की छानबीन जारी है। आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

टिप्पणियाँ