न्यू होप एकेडमी में वार्षिक उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया
गोबरा नवापारा, स्थानीय सदर रोड स्थित न्यू होप एकेडमी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में रविवार, 18 जनवरी 2026 को वार्षिक उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर अध्यक्ष श्रीमती ओम कुमारी साहू, हरिहर स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती फाकरा दानी, डॉ. के. सिन्हा, पार्षद श्री हेमंत साहनी एवं विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद अल्तमश सिद्दीकी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। नशा मुक्ति, नारी शक्ति, परिवार के मूल्य, मोबाइल फोन के दुरुपयोग, सही मायनों में आजादी एवं खेल के महत्व जैसे विषयों पर एक्ट, नृत्य, भाषण एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने समाज को सशक्त एवं सकारात्मक संदेश दिए।
कार्यक्रम की सबसे आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति ऑपरेशन सिंदूर*पर आधारित थी, जिसमें भारतीय सैनिकों की वीरता, बलिदान एवं जा बाजी को जीवंत रूप से दर्शाया गया। यह प्रस्तुति दर्शकों द्वारा खूब सराही गई तथा तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा। इसके अलावा हॉरर एक्ट एवं रोचक डांस प्रस्तुतियों ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय की प्राचार्या सुश्री फरहा खान ने अपने संबोधन में न्यू होप एकेडमी की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा की जमकर सराहना की तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान कीं।
यह वार्षिक उत्सव न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन था, बल्कि सामाजिक जागरूकता एवं देशभक्ति के संदेशों का भी सुंदर मंच साबित हुआ। न्यू होप एकेडमी के प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें