हाईवा ने इनोवा को मारी जोरदार टक्कर: राजिम कुंभ कल्प मेला के बीच गोबरा नवापारा में नियम उल्लंघन, प्रशासन पर सवाल
गोबरा नवापारा, क्षेत्र में रेत माफिया के संरक्षण में चल रहे हाईवा वाहनों की मनमानी एक बार फिर सामने आई है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आज यानी 3 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे लाल चौक के पास एक हाईवा वाहन ने दिन दहाड़े एक इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हाईवा चालक राजिम कुंभ कल्प मेला देखने जा रहे थे, तभी लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर से इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के समय राजिम कुंभ कल्प मेला के आयोजन को लेकर क्षेत्र में पुलिस की भारी मौजूदगी थी, फिर भी मुख्य मार्ग गंज रोड पर हाईवा वाहनों द्वारा ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नियमों की धज्जियां उड़ाने का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रेत माफिया के दबदबे के कारण इन वाहनों पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे सड़क हादसे आम हो गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। कई लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मेला के दौरान बढ़ी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऐसे वाहनों पर सख्ती बरती जाए, अन्यथा बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहेगा। जबकि नगर पालिका गोबरा नवापारा द्वारा सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध है फिर भी हाइवा का यहां तक पहुंचना प्रशासन की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा होता है l
स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि गोबरा नवापारा के मुख्य मार्गों पर हाईवा वाहनों की जांच, ओवरलोडिंग पर रोक और चालकों के खिलाफ कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए। राजिम कुंभ कल्प मेला जैसे बड़े आयोजन के दौरान ऐसी लापरवाही न केवल जनजीवन के लिए खतरा है, बल्कि शासन की छवि पर भी सवाल उठा रही है।
प्रशासन से उम्मीद है कि इस घटना के बाद रेत माफिया और हाईवा चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें