एनीकेट पर मंडरा रहा संकट का काला बादल! महानदी में माफिया राज: अवैध रेत खनन और ओवरलोड हाइवा से एनीकेट खतरे में, जल संसाधन विभाग बेखबर!
गोबरा नवापारा, महानदी के किनारे गोबरा नवापारा क्षेत्र में अवैध रेत खनन का काला खेल इन दिनों जोरों पर है। माफिया सरकारी संपत्ति को लूटने में लगे हुए हैं, जबकि दुलना एनीकेट – जो कि गोबरा नवापारा एवं अभनपुर नगर पालिका को जल आपूर्ति के लिए बनाया गया महत्वपूर्ण ढांचा है – जो अब खतरे की जद में आ चुका है।स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार, सुखी एनीकेट क्षेत्र में माफिया खुलेआम रेत निकाल रहे हैं। एनीकेट के ऊपर से भारी-भरकम ओवरलोडेड हाइवा वाहन लगातार गुजर रहे हैं, जिससे संरचना को गंभीर क्षति पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। अगर यह सिलसिला यूं ही जारी रहा तो एनीकेट का ढहना तय माना जा रहा है, जिसका सीधा असर पूरे क्षेत्र की जल आपूर्ति पर पड़ेगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जल संसाधन विभाग के केयर टेकर और संबंधित अधिकारी इस अवैध गतिविधि से अनजान कैसे हैं? क्या उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई, या जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही? महानदी में पहले से ही पनडुब्बी जैसी हाईटेक मशीनों से अवैध खनन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, और गोबरा नवापारा में कई बार ओवरलोड हाइवा जब्त हो चुके हैं, लेकिन माफियाओं का मनोबल टूटने का नाम नहीं ले रहा।
यह मामला न केवल पर्यावरण और जल संरक्षण का है, बल्कि सरकारी लापरवाही और माफिया के संरक्षण का भी गंभीर उदाहरण है। प्रशासन से मांग है कि तत्काल संयुक्त टीम गठित कर एनीकेट की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
क्या दुलना एनीकेट भी महानदी के अन्य हिस्सों की तरह माफियाओं की लूट का शिकार बन जाएगा? समय रहते जागना होगा, वरना जल संकट और तबाही तय है!
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें