चम्पारण क्षेत्र में सनसनीखेज मामला: शराबी भाई ने बहन के घर में लगाई आग, 50 हजार का नुकसान, आरोपी गिरफ्तार
गोबरा नवापारा, थाना क्षेत्र अंतर्गत चम्पारण के ग्राम जौंदा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है।
प्रार्थी रामकली साहू (45 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय तीरथ राम साहू, निवासी जौंदा चौकी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 28 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान उसके भाई सुमित साहू शराब के नशे में धुत अवस्था में आया और बहन के चरित्र पर शंका करते हुए अश्लील गंदी गालियां देने लगा।
उसने धमकी दी कि “मैं घर में आग लगा दूंगा” और जानबूझकर घर में आग लगा दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रामकली के चीखने-चिल्लाने पर आसपड़ोस के लोग पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।
आग की लपटों में रामकली का पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखे आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, पासबुक, चावल, कपड़े-बिस्तर, नकदी राशि और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रार्थी ने लगभग 50,000 रुपये के नुकसान की बात बताई।
थाना गोबरा नवापारा में आरोपी सुमित साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज किया गया। धारा 296, 326(g) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया।
आरोपी को रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें