नगर के गौरव पुत्रों के घर में लगी भीषण आग: प्रशासन की लापरवाही वहीं पड़ोसियों ने पेश की मानवता की मिसाल
गोबरा नवापारा, वार्ड क्रमांक 16, सोमवारी बाजार निवासी सागर निषाद के घर में दोपहर करीब 3 बजे अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घर पर उस समय सागर की बुजुर्ग दादी और छोटी बहन सो रही थीं। आग की लपटें देख छोटी बहन ने तुरंत जागकर पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी भयंकर थी कि घर में रखे कपड़े, महत्वपूर्ण कागजात, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य सामान जलकर राख हो गए। सागर निषाद नगर के प्रतिभाशाली युवा हैं, जो डीजे ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। उनका एक इंस्टाग्राम वीडियो इतना वायरल हुआ था कि विदेशी मीडिया में भी चर्चा का विषय बना, जिससे वे नगर के गौरव बने।
उनका भाई अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहा है। ऐसे प्रतिभाशाली परिवार पर यह विपत्ति आई, लेकिन नगर पालिका की अग्निशमन सेवा समय पर नहीं पहुंच पाई। पड़ोसियों के अनुसार, अग्निशमन वाहन वार्ड के चौक तक आया और वापस लौट गया, जिससे आग बुझाने में और देरी हुई। इतने बड़े हादसे के बाद भी पालिका के किसी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने हाल-चाल जानने या सहायता के लिए संपर्क नहीं किया। यह घटना स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में पड़ोसियों ने मानवता की मिसाल पेश की। सागर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आसपास के लोग आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं और परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
यह सामुदायिक एकजुटता की बेहतरीन मिसाल है। यदि आप भी सागर की स्थिति सुधारने में आर्थिक सहायता देना चाहते हैं, तो आप सागर से इस नंबर 93993 06387 पर संपर्क कर सहयोग कर सकते हैं।
नगर का यह गौरव पुत्र आज विपत्ति में है, तो प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन इसकी जांच करे, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करे तथा अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई हो सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें