पैरी घूम्मर बांध में जानलेवा स्टंट: 20 फीट से छलांग लगा रहे युवा, जल संसाधन विभाग बेखबर


गरियाबंद। पैरी घूम्मर बांध इन दिनों सैलानियों से गुलजार है। गर्मी बढ़ते ही जिले सहित आसपास के इलाकों से युवक युवती, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में यहां नहाने और घूमने पहुंच रहे हैं। बांध का ठंडा पानी लोगों को राहत दे रहा है, लेकिन इसी के साथ यहां मौत का खतरा भी मंडरा रहा है। 
कुछ युवा रोमांच के नाम पर करीब 20 फीट ऊंची दीवार और चट्टानों से सीधे गहरे पानी में छलांग लगा रहे हैं। मौके पर न चेतावनी बोर्ड हैं, न सुरक्षा जाली और न ही कोई लाइफ गार्ड। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं है। नीचे पत्थर होने पर एक गलती जान ले सकती है। 

सबसे बड़ा सवाल जल संसाधन विभाग की लापरवाही पर है। बांध का रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी इसी विभाग की है। गर्मी में हर साल यहां भीड़ उमड़ती है और स्टंटबाजी की घटनाएं सामने आती हैं। इसके बावजूद विभाग ने आज तक खतरनाक पॉइंट्स पर फेंसिंग, सूचना बोर्ड या कर्मचारी तैनात करना जरूरी नहीं समझा।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तुरंत बांध पर सुरक्षा व्यवस्था की जाए। खतरनाक जगहों पर लोहे की जाली लगाई जाए, चेतावनी बोर्ड लगें और पुलिस या होमगार्ड तैनात हों। छलांग लगाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। 

विभाग की चुप्पी कहीं किसी परिवार की खुशियां छीन न ले, इससे पहले कार्रवाई जरूरी है। गर्मी की छुट्टियों में भीड़ और बढ़ेगी। जल संसाधन विभाग कब जागेगा?

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव