सरकारी अस्पताल में नहीं 108-102 एंबुलेंस का स्टॉपेज: आपातकाल में मरीजों की सांसें अटकीं, विधायक बोले....


गोबरा नवापारा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में शासन की आपातकालीन सेवा 108 और 102 एंबुलेंस का स्टॉपेज नहीं होने से मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी में कॉल करने पर एंबुलेंस के पहुंचने में विलंब होता है, जिससे कई बार मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है।  

स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन ने शासन को पत्र लिखकर बताया कि CHC में 108 और 102 एंबुलेंस की स्थायी तैनाती नहीं है। आपात स्थिति में हितग्राहियों द्वारा कॉल किए जाने पर एंबुलेंस दूर-दराज से आती है। देरी के कारण गोल्डन आवर निकल जाता है और मरीजों को समय पर रेफर या उपचार नहीं मिल पाता। प्रसव, सड़क हादसा और हार्ट अटैक जैसी स्थितियों में यह देरी जानलेवा साबित हो रही है।  

गौरतलब है कि संस्था के पास 01 शासकीय वाहन चालक है, लेकिन उसकी ड्यूटी केवल कार्यदिवस में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ही रहती है। रात और अवकाश के दिनों में इमरजेंसी सेवा पूरी तरह ठप रहती है। इस मामले पर विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि उक्त संबंध में मंत्री और संबंधित जिला स्वास्थ्य अधिकारी को नोट करवाया है। जल्द ही CHC में एंबुलेंस स्टॉपेज की व्यवस्था कराई जाएगी। वहीं संबंधित समस्याओं को लेकर नगर के लोगों द्वारा सुशासन तिहार शिविर में उच्च अधिकारियों को लिखित में समस्या से पुनः अवगत कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जनहित में गोबरा नवापारा CHC में तत्काल 108 और 102 एंबुलेंस की तैनाती की जाए, ताकि आपातकाल में मरीजों को समय पर जीवनरक्षक सेवा मिल सके।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!