30 दिनों के लिए निलंबित हुआ श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल छुरा का लाइसेंस



गरियाबंद। जिले के छुरा स्थित श्री संकल्प छत्तीसगढ़ मिशन हॉस्पिटल पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का अनुज्ञा पत्र 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। कलेक्टर एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश में अस्पताल संचालन में गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही का उल्लेख किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी लगातार शिकायतें और समाचार सामने आए थे। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, बिना आवश्यक अनुमति कुछ सेवाओं के संचालन तथा मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड में विसंगतियों को लेकर जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट और अस्पताल प्रबंधन के जवाब का परीक्षण करने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
आदेश के अनुसार अस्पताल में संचालित कुछ सेवाओं को नियमों के विपरीत पाया गया। वहीं जांच टीम ने अस्पताल प्रबंधन का जवाब असंतोषजनक माना, जिसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापना अनुज्ञापन नियमों के तहत अस्पताल का लाइसेंस 30 दिनों के लिए निलंबित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल में किसी भी प्रकार का इलाज, भर्ती अथवा चिकित्सा सेवा संचालित नहीं की जाएगी। यदि आदेश का उल्लंघन करते हुए अस्पताल संचालन या मरीजों का उपचार करते पाया गया, तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों में भी जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में एक बड़ी कार्रवाई होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस अस्पताल को लेकर पहले भी कई बार विवाद और शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिन पर समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की थी। अब प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव