नवापारा गंज मार्ग पर 79.75 लाख की लागत से बनेगा हाईटेक संकीर्ण पुल, विधायक इंद्र कुमार साहू ने किया भूमिपूजन
गोबरा नवापारा। छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग द्वारा जिला रायपुर के नवापारा गंज मार्ग के किलोमीटर 2/4 में स्थित संकीर्ण पुलिया के स्थान पर नवीन हाईटेक पुल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन मंगलवार, दिनांक 26.05.2026 को संपन्न हुआ। इस पुल के निर्माण पर कुल 79.75 लाख रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभनपुर के माननीय विधायक इन्द्र कुमार साहू रहे। अध्यक्षता नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा की अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सोनी, नवापारा भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र वर्मा, वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद जीना सुजीत निषाद और वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद नम्मू नारायण ध्रुव उपस्थित रहे। भूमिपूजन समारोह गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि गंज रोड नगर का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। वार्ड क्रमांक 15 और 16 के बीच कलकत्ता फोटो स्टूडियो के पास स्थित यह पुरानी संकीर्ण पुलिया काफी जर्जर हो चुकी थी। बरसात के दिनों में यहां जलभराव और जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि यहां चौड़ी और हाईटेक पुल का निर्माण कराया जाए। शासन ने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए 79.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। नया पुल बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और भारी वाहनों का आवागमन भी आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण सामग्री से तय समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। पुल के दोनों ओर फुटपाथ और सुरक्षा रेलिंग की व्यवस्था भी रहेगी। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एसडीओ राजीव वैद्य, ऋषि सेन सहित नगर के संजय साहू, धीरज साहू, पूजा कंसारी, नम्मू ध्रुव, निर्मला साहू, लोकेश्वरी साहू, आशीष गोलछा, सौरभ जैन, मुकेश डीडी, सुनील बंगानी, नितिन गोलछा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी, व्यापारी संघ के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नागरिकों ने शासन और विधायक का आभार व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें