नवापारा में अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग
गोबरा नवापारा: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें नगर में अवैध रूप से शराब बेचे जाने का आरोप लगाया गया है। वायरल रील में दावा किया गया है कि नगर में रात भर खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है और कुछ दुकानों की आड़ में यह कारोबार चल रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सोमवारी बाजार, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख इलाकों में भी अवैध शराब आसानी से मिल रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार सवाल उठा रहे हैं कि पुलिस और प्रशासन इस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा।
कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि पूरे नगर में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है जो बेहद निंदनीय है। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का आरोप है कि मिलीभगत के चलते अवैध कारोबारियों पर कोई रोक नहीं लग पा रही है।
नगरवासियों ने मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें