भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर घायल, धान से भरी ट्रक पलटने से बची l
गोबरा नवापारा, नवापारा-आरंग रोड पर कोलियारी स्थित हनुमान एग्रो के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक के दौरान पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक जौदा धान संग्रहण केंद्र से धान लेकर राइस मिल जा रहा था। इसी दौरान कोलियारी हनुमान एग्रो के पास सामने से आ रही पिकअप ने एक अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक से पिकअप की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी पलटने से बाल-बाल बचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवापारा-आरंग रोड पर तेज रफ्तार और गलत ओवरटेक के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें