श्री सत्यनारायण महाप्रभु जी का 77वां मूर्ति स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
भव्य शोभायात्रा, भक्ति-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से गूंजा नगर
नवापारा-राजिम। नगर कंसारी समाज एवं श्री सत्यनारायण मंदिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में श्री सत्यनारायण महाप्रभु जी की मूर्ति स्थापना का 77वां वार्षिकोत्सव आज अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति भावना के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरा नगर धार्मिक रंग में रंगा नजर आया और वातावरण में आस्था एवं भक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 4:00 बजे श्री सूर्योदय मानस मंडली एवं सत्यनारायण मानस मंडली द्वारा भजन-कीर्तन एवं प्रभात फेरी के साथ किया गया। इसके पश्चात मंदिर के पुरोहित पं. भागवत प्रसाद मिश्रा द्वारा ब्रह्म मुहूर्त में भगवान श्री सत्यनारायण जी का पंचामृत अभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। मंगला आरती के बाद भगवान का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया
कथा उपरांत मंदिर परिसर से भगवान विष्णु की आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों गंज रोड, सब्जी मंडी, सदर रोड, कुम्हारपारा चौक, बस स्टैंड, काली मंदिर, मां कर्मा मंदिर होते हुए कृषि उपज मंडी एवं पंजवानी चौक से गुजरकर पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। शोभायात्रा के आगे सुहेला सरायपाली की उडिया संकीर्तन मंडली द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक जन शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर परिसर में सभा भवन के छत निर्माण हेतु ₹15 लाख की राशि देने की घोषणा की, जिसे श्रद्धालुओं ने सराहा। वहीं पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक धनेंद्र साहू भी अपनी टीम एवं नगर पालिका पार्षदों के साथ पहुंचे और भगवान श्री सत्यनारायण जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन में नगर ने धार्मिक उत्साह, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रमुख योगदानकर्ता
इस आयोजन को सफल बनाने में नगर कंसारी समाज के अध्यक्ष सहदेव कंसारी, सचिव कलीदान कंसारी, नंद कुमार कंसारी, राजकुमार कंसारी, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार कंसारी, सचिव बलराम सारस, रमेश कंसारी, महिला संगठन की अध्यक्ष सरोज कंसारी, युवा संगठन के तरुण कंसारी, गोविंदा कंसारी, संतोष कंसारी सहित सूर्योदय मानस मंडली एवं सत्यनारायण मानस मंडली के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें