ब्रेकिंग न्यूज़: कार्रवाई के बाद भी नहीं माने रेत माफिया, अफसरों के जाते ही फिर बनाया रपटा; दुलना महानदी में कानून को दिखाया ठेंगा

गोबरा नवापारा। दुलना महानदी घाट पर रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने चैन माउंटेन मशीन से रेत परिवहन के लिए बनाए गए अवैध रपटा को तोड़कर बड़ी कार्रवाई की थी। तहसीलदार विक्रांत सिंह राठौर और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। अफसरों ने दावा किया था कि अवैध रेत खनन पर पूरी तरह लगाम लगेगी।

लेकिन कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही रेत माफियाओं ने प्रशासन को खुली चुनौती दे दी। अधिकारियों के लौटते ही माफियाओं ने दोबारा चैन माउंटेन लगाकर टूटे रपटा को सुधार लिया। रात होते-होते फिर से ट्रैक्टर और हाइवा से रेत का अवैध परिवहन शुरू हो गया। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है। प्रशासन कार्रवाई करता है, माफिया कुछ घंटे शांत रहते हैं और फिर से धंधा चालू कर देते हैं। दिनदहाड़े महानदी से रेत निकाली जा रही है। इससे नदी का अस्तित्व खतरे में है और शासन को लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि माफियाओं को किसी का डर नहीं है। कार्रवाई महज दिखावा बनकर रह गई है। सवाल उठ रहा है कि जब प्रशासन की टीम लौटते ही रपटा फिर बन जाता है तो निगरानी कहां है? 

अब देखना होगा कि लगातार कानून को ठेंगा दिखा रहे रेत माफियाओं पर प्रशासन कब तक स्थायी लगाम लगाता है। जनता स्थायी समाधान की मांग कर रही है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

राजिम में कुलेश्वर मेडिकल स्टोर पर औषधि विभाग की छापेमारी, झोलाछाप डॉक्टरों पर लगेगा लगाम, नशीली दवाओं का मिला जखीरा l

कु. वैष्णवी ध्रुव का एम बी बी एस के लिए मेडिकल कॉलेज में चयन

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव