विद्युत विभाग का ठेकेदार करवा रहा था ‘जान जोखिम वाला सर्कस’, बिना सुरक्षा उपकरण खंभों पर चढ़े मजदूर; विभाग ने कहा...
गोबरा नवापारा। नगर के मुख्य मार्ग गंज रोड में विद्युत लाइन मरम्मत कार्य के दौरान ठेकेदार की कथित लापरवाही सामने आई है। मरम्मत के लिए कुछ घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रखी गई, लेकिन इस दौरान कई फीट ऊंचाई पर कार्य कर रहे श्रमिक बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के नजर आए। व्यस्त मार्ग पर हुए इस कार्य को देखकर लोगों ने श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए ओर दंग रह गए l
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर बिजली खंभों पर चढ़कर कार्य कर रहे थे, लेकिन उनके पास सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधन दिखाई नहीं दिए। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि यदि कोई अप्रिय घटना घट जाती तो इसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाता।
मामले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एई) धर्मेंद्र साहू ने बताया कि जानकारी मिलने पर संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना और उनका उपयोग सुनिश्चित करना ठेकेदार की जिम्मेदारी है। यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है तो इसकी जवाबदेही भी ठेकेदार की होगी।
एई धर्मेंद्र साहू ने बताया कि ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में सभी श्रमिकों को पूर्ण सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कार्य कराया जाए। विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि श्रमिकों की जान से खिलवाड़ करने वाली ऐसी लापरवाही पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें