Press Conference : 29 जुलाई से 20 फरवरी तक देशभर में चलेगा भाजपा का समरसता संकल्प अभियान


गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी सामाजिक समरसता और समानता के लिए प्रेरणास्रोत – अमित चिमनानी

राजिम। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (रविदास जयंती) तक पूरे देश में "समरसता संकल्प अभियान" संचालित किया जाएगा। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने राजिम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
अमित चिमनानी ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, समाज सुधारक और आध्यात्मिक चिंतक हैं। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से जातिगत भेदभाव, ऊँच-नीच और सामाजिक विषमताओं के विरुद्ध आवाज़ उठाई तथा समानता, आत्मसम्मान और भाईचारे का संदेश दिया। उनका "बेगमपुरा" का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना प्रस्तुत करता है, जहाँ किसी प्रकार का दुख, अन्याय, भेदभाव या शोषण न हो।

उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी क्रांति और अब्राहम लिंकन के स्वतंत्रता संबंधी विचारों से सदियों पहले ही गुरु रविदास महाराज ने समानता और समरसता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल में भी गुरु रविदास महाराज के विचारों की प्रेरणा दिखाई देती है।

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर "समरसता दीप महोत्सव" के साथ होगा। देशभर के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर तक पहुँचाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक "श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा" निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियाँ, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों को सामाजिक समरसता के इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

अमित चिमनानी ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

प्रेसवार्ता में राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जिला मंत्री सुरेंद्र सोंटेके, जिला प्रवक्ता पारस ठाकुर तथा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!