पहली ही बारिश में खुली नगरपालिका की तैयारियों की पोल, जनता जलभराव और गंदगी से परेशान — सुरेन्द्र साहू
गोबरा नवापारा में मानसून की पहली ही बारिश ने नगरपालिका प्रशासन के दावों की वास्तविकता सामने ला दी है। नगर के अनेक वार्डों में जलभराव, जाम नालियां और सड़कों पर फैली गंदगी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वर्षा पूर्व आवश्यक तैयारियां केवल कागजों तक सीमित रहीं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने कहा कि वार्ड क्रमांक 2 के खोलीपारा की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। यहां आत्माराम निषाद सहित कई परिवारों के घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर का बस स्टैंड भी लगभग एक से डेढ़ फीट पानी में डूब गया, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को आवागमन में कठिनाई हुई।
उन्होंने बताया कि नगर के प्रमुख मार्ग गंज रोड पर भी कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। महावीर चौक से परमार टेलर तक पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। नगर के किसान पारा शीतलापारा,दम्मानी कॉलोनी, बढ़ई पारा रेलवे स्टेशन के पास, साहनीपारा सहित कई
जगह गलिया पानी से पूरी तरह डूबी रही। बगदेही पारा स्थित शांति चौक में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष परदेसीराम साहू के निवास के पास भी जलभराव रहा तथा मंदिर परिसर में भी पानी घुस गया। नगर की कई गलियों में नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। निचली बस्तियों के हालात विशेष रूप से गंभीर बने हुए हैं।
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि यदि पहली ही बारिश में नगर की यह स्थिति है तो पूरे वर्षा काल में आम जनता को कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। यह नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली और वर्षा पूर्व तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सभी जाम नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। कांग्रेस पार्टी नगरवासियों की समस्याओं को लेकर निरंतर आवाज उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें