धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा आंदोलनरत छात्रों और लोकतंत्र की जीत — सुरेंद्र साहू
गोबरा–नवापारा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर के महामंत्री सुरेंद्र साहू ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देशभर में न्याय और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे विद्यार्थियों, युवाओं एवं उनके अभिभावकों की बड़ी जीत बताया है।
उन्होंने कहा कि यह इस्तीफा किसी मंत्री अथवा सरकार की महानता नहीं, बल्कि उन आंदोलनरत छात्रों के साहस, एकजुटता और निरंतर संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने तमाम कठिनाइयों और दमन के बावजूद अपनी आवाज दबने नहीं दी। विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण और संगठित संघर्ष के सामने सत्ता को जवाबदेह बनना ही पड़ता है।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि वे स्वयं नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विद्यार्थियों द्वारा आयोजित आंदोलन में पहुंचे थे और छात्रों के अधिकारों, उनकी मांगों तथा निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए थे। आंदोलन स्थल पर छात्रों और उनके अभिभावकों की पीड़ा, निराशा तथा अपने भविष्य को लेकर उनकी चिंता को निकट से देखकर यह स्पष्ट महसूस हुआ कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को बचाने की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक केवल एक प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य, उनके माता-पिता के सपनों और देश की परीक्षा व्यवस्था के साथ गंभीर विश्वासघात है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले विद्यार्थियों को यदि निष्पक्ष परीक्षा का अवसर भी न मिले, तो सरकार को इसकी राजनीतिक और नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी ही होगी।
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्र आंदोलन की सफलता का पहला कदम है, लेकिन केवल इस्तीफे से विद्यार्थियों को पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा। पेपर लीक के पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, दोषियों तथा उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए और भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ठोस व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
सुरेंद्र साहू ने आंदोलनरत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों का यह संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। यह जीत स्पष्ट संदेश देती है कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जब देश का युवा अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाता है, तो सत्ता को उसकी आवाज सुननी पड़ती है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर विद्यार्थियों के संघर्ष और न्याय की इस लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। प्रभावित विद्यार्थियों को पूर्ण न्याय मिलने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज को पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें