अंडर ब्रिज के अंदर घुसकर हल्ला बोल! 3 फीट पानी में उतरे ग्रामीण और जनप्रतिनिधि, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
गोबरा नवापारा. कुर्रा-सोनसिल्ली मार्ग पर रेलवे अंडर ब्रिज में भरे 3 फीट पानी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिर फूट पड़ा। विद्युत विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन काटे जाने और रेलवे द्वारा 2024 से लाखों का बिजली बिल बकाया रखने के विरोध में आज जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं, छात्रों, किसानों और ग्रामीणों ने अनोखा धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी खुद 3 फीट भरे पानी में अंडर ब्रिज के अंदर घुस गए और वहीं से सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने कहा कि रेलवे की लापरवाही के कारण यह अंडर ब्रिज तालाब बन गया है। 2024 से बिजली बिल बकाया होने के कारण पंप हाउस बंद है। विद्युत विभाग द्वारा रेलवे को पत्र भी लिखा गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से दर्जनों गांवों के छात्र, किसान और आम लोग रोजाना गोबरा नवापारा और राजिम जाते हैं। जलभराव के कारण छात्रों को स्कूल जाने, किसानों को मंडी जाने में भारी परेशानी हो रही है। मरीजों को अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को 5-6 किमी घूमकर जाना पड़ रहा है l प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली बिल जमा कर पंप हाउस चालू कर पानी निकासी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें