कुर्मी समाज द्वारा राजिम में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा का सफल आयोजन, 54 प्रतिभागी हुए शामिल
राजिम :-कुर्मी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशव्यापी छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस तारतम्य में गरियाबंद जिले के प्रतिभागियों के लिए राजिम में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां निर्धारित समय 12 से 02 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में जिले के कुर्मी समाज के 54 प्रतिभावान युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए समाज के जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के द्वारा आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की गई है।
जिसमें प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष व दुर्ग के सांसद दुर्ग विजय बघेल द्वारा घोषित की गई है। द्वितीय पुरस्कार 17 हजार रुपए अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक दुर्ग प्रीतपाल सिंह बेलचंदन के द्वारा,तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपए दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर के द्वारा,चतुर्थ पुरस्कार 11 हजार रुपए व पंचम पुरस्कार 9 हजार रुपए समाज के पदाधिकारियों द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इसके पश्चात आने वाले 5 अन्य मेधावी प्रतिभागियों को 3-3 हजार प्रति प्रतिभागी सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने दिया भविष्य निर्माण का संदेश
परीक्षा के सफल समापन के उपरांत आयोजित मार्गदर्शन सत्र में राजिम नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा चंद्राकर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को समाज, राष्ट्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत व लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आत्मविश्वास का संचार करती हैं। इसके अलावा डॉ ओमप्रकाश वर्मा ने भी प्रतिभागियों को रक्तदान और समाजसेवा के लिए प्रोत्साहित किया। कुर्मी समाज के जिलाध्यक्ष पुरंदर वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज के युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा जिससे आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वे पूर्ण रूप से तैयार होंगे। ऐसे आयोजन से युवाओं को मार्गदर्शन मिलेगा और आने वाले समय में अन्य समाज भी इस आयोजन से प्रेरणा लेंगे।
आयोजन को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में समाज के पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। परीक्षा प्रभारी के रूप में कुर्मी समाज के जिलाध्यक्ष पुरंदर वर्मा एवं केंद्राध्यक्ष के रूप में मनीष देव वर्मा ने दायित्वों का निर्वहन किया। इस दौरान केंद्रीय पर्यवेक्षक आशीष दिल्लीवार, पर्यवेक्षक डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, सुनील वर्मा, शंकर वर्मा, दशरथ वर्मा, चंद्रशेखर वर्मा और देवेंद्र वर्मा,सोहनलाल वर्मा,विजयमणि वर्मा ,गोपालराम वर्मा,ज्ञानचंद वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें