करोड़ों का रैक प्वाइंट धराशायी! पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने किया निरीक्षण, ट्रैक खिसका, प्लेटफार्म धंसा, भ्रष्टाचार के लगे आरोप


अभनपुर। अभनपुर में बंद पड़े बड़े रेलवे स्टेशन का 8 साल बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से रैक प्वाइंट का निर्माण किया गया। लेकिन निर्माण पूरा होते ही गुणवत्ता की हकीकत सामने आ गई और यह परियोजना सवालों के घेरे में आ गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने रैक प्वाइंट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभनपुर नगर पंचायत उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह और पार्षद वीरेंद्र सिन्हा भी मौजूद रहे। निरीक्षण में कई जगह गंभीर अनियमितताएं मिलीं। 
80 फीट चौड़ा प्लेटफार्म कई स्थानों पर सेटल होकर बैठ गया है। प्लेटफार्म में सिंक के साथ बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। कुछ जगह प्लेटफार्म ऊपर-नीचे हो गया है। रेलवे ट्रैक भी जगह-जगह खिसका और डैमेज पाया गया। बारिश के कारण पूरे रैक प्वाइंट की पानी निकासी नाली पूरी तरह जाम है। बाहरी निकासी के पास जमीन धंसने से किसानों के खेतों में मिट्टी बह गई है। जिम्मेदारों द्वारा किए जा रहे सुधार कार्य में भी गिट्टी की मात्रा कम-ज्यादा पाई गई।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए करोड़ों के इस प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार की आशंका जताई। सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि इतने बड़े निर्माण कार्य में आज तक कोई नागरिक सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया। इससे कार्य में पारदर्शिता न होने का अंदेशा है। पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने निर्माण की घटिया गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई।
 उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत उच्च रेल अधिकारियों और रेल मंत्री से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाएंगे। उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह और पार्षद वीरेंद्र सिन्हा ने भी कहा कि घटिया निर्माण आम जनता और किसानों के लिए परेशानी का कारण बनेगा। ग्रामीणों ने तत्काल जांच कर गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!