पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू के नेतृत्व में कल निकलेगी पंचकोशी धाम यात्रा



नवापारा-राजिम, 16 अगस्त 2026। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता की प्रतीक विशाल पंचकोशी धाम यात्रा का आयोजन कल 17 अगस्त 2026, सोमवार को किया जाएगा। यात्रा का शुभारंभ अभनपुर के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री धनेन्द्र साहू जी के नेतृत्व में नवापारा-राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित भगवान श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के पश्चात होगा।
यह इस धार्मिक यात्रा का 18वाँ वर्ष है। श्री धनेन्द्र साहू के नेतृत्व में प्रारंभ हुई यह परंपरा बीते 18 वर्षों से निरंतर जारी है। भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद शिवभक्तों की आस्था एवं उत्साह कभी कम नहीं हुआ। प्रत्येक वर्ष हजारों श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण कर मोटरसाइकिलों एवं अन्य वाहनों से यात्रा में सम्मिलित होते हैं। पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से शिवमय हो उठता है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु राजिम पंचकोशी क्षेत्र के प्रमुख शिवधामों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजा-अर्चना और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। राजिम की पंचकोशी परंपरा में कुलेश्वरनाथ से यात्रा प्रारंभ कर आसपास स्थित प्राचीन शिवालयों की परिक्रमा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व माना गया है। पंचकोशी यात्रा कुलेश्वरनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर वहीं पूर्ण होती है।
सुरेन्द्र साहू महामंत्री, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर ने क्षेत्रवासियों और शिवभक्तों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक धार्मिक परंपरा को सफल बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता, लोकसंस्कृति और क्षेत्र की प्राचीन आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का भी सशक्त माध्यम है।
आयोजकों ने यात्रा में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा बारिश की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!