महिला सम्मान से सरपंच ने किया खिलवाड़! सरकारी स्कूल का महिला शौचालय तुड़वाकर स्कूल परिसर में बन रहा उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
अभनपुर. ग्राम पंचायत पारागांव में सरपंच द्वारा महिला सम्मान से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सरपंच द्वारा सरकारी मिडिल स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए छात्राओं और महिला शिक्षकों के लिए बना महिला शौचालय ही तुड़वा दिया गया है, जिससे शिक्षकों और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत पारागांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का वे विरोध नहीं कर रहे, लेकिन उनका विरोध स्कूल परिसर में निर्माण को लेकर है।
ग्रामीणों की मांग है कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अन्य सरकारी जमीन पर किया जाए, न कि बच्चों के स्कूल परिसर में। स्कूल समिति और ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में पहले ही उच्च अधिकारियों को आवेदन देकर स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र न बनाने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद सरपंच द्वारा अधिकारियों के आदेशों को दरकिनार कर मनमाने ढंग से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मिडिल स्कूल के महिला शौचालय को तोड़े जाने पर महिला शिक्षकों और छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। इसके अलावा स्कूल परिसर में लगे छायादार बरगद के वृक्ष की टहनियों को काटे जाने पर भी ग्रामीणों ने विरोध जताया है। ग्रामीणों ने महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वाले ग्राम पंचायत सरपंच के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वहीं इस मामले को लेकर अभनपुर जनपद पंचायत सीईओ दीपक ठाकुर ने कहा कि अभी मिडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुआ है संज्ञान में लेकर जांच करके जो भी उचित कार्रवाई होगी वो की जाएगी l
अब इस मामले में आगे क्या कुछ कार्रवाई उच्च अधिकारियों के द्वारा की जाती है या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है ये देखने वाली बात है l
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें