तामासिवनी में शिक्षकों की कमी से शिक्षा संकट, भारी बारिश में धरने पर बैठे स्कूली बच्चे


अभनपुर। विकासखंड के ग्राम पंचायत तमासिवनी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। गणित, अंग्रेजी, भौतिकी, एनसीसी सहित विभिन्न विषयों के शिक्षकों की मांग को लेकर सैकड़ों विद्यार्थी भारी बारिश के बीच धरने पर बैठ गए। विद्यार्थियों का कहना है कि 2017 से लगातार शिक्षकों की मांग को लेकर कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन आज तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई। शिक्षकों के अभाव में उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, विशेषकर बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाइश देने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द शिक्षकों की व्यवस्था का मौखिक आश्वासन दिया, लेकिन विद्यार्थी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। 
बच्चों का कहना है कि हर बार मौखिक आश्वासन देकर टाल दिया जाता है, इस बार उन्हें लिखित में गारंटी चाहिए। ग्रामीणों और पालकों ने भी बच्चों का समर्थन किया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो गांव के बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाएगा। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या पर क्या ठोस निर्णय लेता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!