स्वच्छता दीदियों ने किया ध्वजारोहण, तिरंगे रंग में सजा मैडम चौक
नवापारा राजिम। 80वां स्वतंत्रता दिवस समूचे अंचल में हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इसी क्रम में नगर के मैडम चौक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ध्वजा रोहण कार्यक्रम में मणि कंचन केंद्र तर्री, गोबरा एवं मुक्तिधाम में कार्यरत स्वच्छता दीदियों ने नेता प्रतिपक्ष संध्या राव के नेतृत्व में संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मैडम चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। तिरंगे के रंगों वाले गुब्बारों और सजावटी सामग्री से सजा चौक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। रंग-बिरंगी सजावट के बीच जब राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तो पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आदर्श नवीन प्राथमिक शाला दीनदयाल उपाध्याय नगर नवकार पब्लिक स्कूल के बच्चों के साथ वार्डवासी, स्वच्छता दीदियां एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से वातावरण को गुंजायमान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। राष्ट्र की प्रगति और स्वच्छ, सुंदर एवं सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता दीदियों की भूमिका की भी सराहना की गई। नगर को स्वच्छ रखने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उपस्थित लोगों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में आपसी सौहार्द, देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से आदर्श नवीन प्राथमिक शाला के प्राचार्य श्री गोपाल यादव, उत्तम गोलछा, अहमद रिजवी, कौशल नगारची, अंजू ,सीता, शहीदा,सविता, देवकी ,शकुन, रशिद तिगाला, संतोष साहू एवं हमर क्लीनिक के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें