आवारा मवेशियों और अंधेरे से बढ़ा हादसों का खतरा, कार बाल-बाल बची
कुर्रा, 12 अगस्त 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 सी पर ग्राम कुर्रा के मुख्य मार्ग में आवारा मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। सड़क पर दिन-रात गायों के झुंड खड़े और बैठे रहते हैं। वहीं इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वही शासन प्रशासन स्तर पर इन पशुओं के लिए कोई ठोस योजना अब तक जमीनी स्तर पर नहीं दिखाई दे रहा है l
इसी गंभीर समस्या का एक मामला 12 अगस्त की रात करीब 8 बजे सामने आया। रायपुर से गरियाबंद की ओर जा रही कार क्रमांक CG04PS6642 के सामने ग्राम कुर्रा के पास अचानक एक गाय आ गई। अंधेरा होने के कारण चालक के लिए अचानक सामने आई गाय से बचना मुश्किल हो गया। गाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बाउंड्रीवाल से जा टकराई।
गनीमत रही कि इस हादसे में कार सवार लोगों की जान बच गई और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि वाहन को नुकसान पहुंचा है। यह घटना NH-130 पर आवारा मवेशियों के साथ-साथ सड़क पर प्रकाश व्यवस्था की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मवेशी सड़क पर, ऊपर से अंधेरा—कब जागेगा प्रशासन?
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम कुर्रा में सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा लंबे समय से बना हुआ है। रात के समय स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सड़क पर बैठे या खड़े मवेशी वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होने और बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना या जनहानि हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासन एवं जिम्मेदार विभाग से सड़क से आवारा मवेशियों को हटाने, उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था करने तथा NH-130 के इस हिस्से में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रशासन से सवाल
क्या किसी बड़े हादसे या जनहानि के बाद ही प्रशासन जागेगा?
NH-130 जैसे व्यस्त मार्ग पर आवारा मवेशी अंधेरा स्ट्रीट लाइट का अभाव एक गंभीर सड़क सुरक्षा समस्या है। इस पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि आने वाले समय में किसी निर्दोष की जान खतरे में न पड़े।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें