सावन के दूसरे सोमवार को आस्था का महासंगमविधायक रोहित साहू के नेतृत्व में निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, गांव-गांव से हजारों शिवभक्त होंगे शामिल
राजिम। सावन माह के दूसरे सोमवार को राजिम क्षेत्र शिवमय हो उठेगा। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, भजनों की मधुर स्वर लहरियों और धूमाल बाजों की गूंज के बीच क्षेत्र में एक भव्य, विशाल एवं आकर्षक कांवड़ यात्रा का आयोजन होने जा रहा है । इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व क्षेत्र के विधायक रोहित साहू करेंगे। यात्रा में गांव-गांव से हजारों की संख्या में शिवभक्त, कांवड़िए, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और श्रद्धा का परिचय देंगे। कार्यक्रम के अनुसार विधायक रोहित साहू सोमवार सुबह 9 बजे पंचकोशी धाम फिंगेश्वर पहुंचेंगे। यहां वे भगवान फणिकेश्वर नाथ महादेव के दर्शन, पूजन एवं विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे। इसके पश्चात विशाल कांवड़ यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा फिंगेश्वर से पैदल प्रारंभ होकर राजिम स्थित श्रीकुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते भजन-कीर्तन करते हुए हर-हर महादेव के उदघोष के साथ आगे बढ़ेंगे। यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता भोलेनाथ की आकर्षक झांकी धूमाल बाजों की मनमोहक प्रस्तुति एक से बढ़कर एक शिवभजन रहेगी, जो पूरे वातावरण को भक्तिमय बना देगी। शिवभक्त पारंपरिक वेशभूषा में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन दिखाई देंगे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी इस आयोजन को और भी भव्य स्वरूप प्रदान करेगी। रास्ते भर श्रद्धालुओं का स्वागत विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, जल सेवा एवं प्रसाद वितरण के माध्यम से किया जाएगा। फिंगेश्वर से पैदल यात्रा प्रारंभ होने के बाद बोरसी में पहला पड़ाव रखा गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है। इसके बाद यात्रा पुन: आगे बढ़ते हुए राजिम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहेगा। भगवान शिव के जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो जाएगा। राजिम पहुंचने पर श्रीकुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं जलाभिषेक का आयोजन होगा। विधायक रोहित साहू श्रद्धालुओं के साथ भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश, राजिम क्षेत्र और समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना करेंगे। मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण का अदभुत संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपरा और जनआस्था का भी प्रतीक बनेगी। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी। यात्रा के दौरान अनुशासन, सेवा और सहयोग की भावना भी देखने को मिलेगी, जिससे सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपरा का सुंदर संदेश समाज तक पहुंचेगा। क्षेत्रवासियों में इस भव्य आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु कई दिनों से यात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि सावन के दूसरे सोमवार पर निकलने वाली यह कांवड़ यात्रा राजिम क्षेत्र के सबसे भव्य धार्मिक आयोजनों में से एक होगी। भगवान भोलेनाथ की भक्ति, धूमाल बाजों की गूंज, भजन-कीर्तन, हर-हर महादेव के जयघोष और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस आयोजन को अविस्मरणीय बना देगी। विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से इस पावन कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना का श्रेष्ठ अवसर है और सामूहिक भक्ति से समाज में सदभाव, सुख, शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। खास बात यह है कि विधायक रोहित साहू स्वंय कांवड़ में जल लेकर शिवभक्तों के साथ फिंगेश्वर से 17 किलोमीटर पैदल चलते हुए राजिम आयेंगे यहां पं सुंदरलाल शर्मा चौक में भब्य आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत अभिनंदन होगा तत्पश्चात संगम के बीच भोलेनाथ कुलेश्वर मंदिर पहुंचेंगे।
विधायक रोहित साहू ने क्षेत्र के सभी लोगो श्रद्धालुजनो,शिवभक्तो से आग्रह करते हुए कहा है कि इस कांवड़ यात्रा में भक्तिभावपूर्वक शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को सफल बनाएं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें