Gen Alpha का उग्र आंदोलन! स्कूल में तालाबंदी के बाद सड़क पर उतरे 7वीं-8वीं के बच्चे, किया चक्काजाम - अब तक नहीं पहुंचा कोई जिम्मेदार अधिकारी
अभनपुर.ग्राम पंचायत पारागांव में महिला शौचालय तोड़े जाने का मामला अब उग्र रूप लेता जा रहा है। सरपंच द्वारा महिला सम्मान से खिलवाड़ करने से नाराज होकर जेन अल्फा यानी 7वीं और 8वीं कक्षा के बच्चों ने स्कूल में तालाबंदी के बाद अब सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया है।
गुस्साए छात्र-छात्राओं ने आज पहले सरकारी मिडिल स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर धरना दिया, फिर स्कूल से बाहर निकलकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। बच्चों का कहना है कि स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है और महिला शौचालय तोड़े जाने से छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है।
बच्चों की मांग है कि तत्काल स्कूल परिसर से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अन्यत्र शिफ्ट किया जाए और तोड़े गए महिला शौचालय का पुनर्निर्माण किया जाए। वहीं सबसे बड़ी बात यह है कि बच्चों के स्कूल में तालाबंदी और चक्काजाम की सूचना के बाद भी अब तक मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा है, जिससे बच्चों और ग्रामीणों में और अधिक आक्रोश है।
गौरतलब है कि सरपंच द्वारा मिडिल स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए महिला शौचालय तुड़वाया गया है और राष्ट्रीय वृक्ष बरगद की टहनियां काटी गई हैं। ग्रामीणों ने पहले ही उच्च अधिकारियों को आवेदन देकर स्कूल परिसर में निर्माण न करने की मांग की थी।
बच्चों के आंदोलन को ग्रामीणों का भी पूरा समर्थन मिल रहा है और ग्रामीणों ने सरपंच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें