हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी एक ही दिन—भ्रम नहीं, पंचांग की तिथि का है विशेष संयोग 14 सितंबर को ही मनाई जाएगी हरितालिका तीज, तिथि-क्रम को समझना आवश्यक : पंडित विकास मिश्रा



राजिम। वर्ष 2026 में हरितालिका तीज की तिथि को लेकर सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों में तरह-तरह की भ्रांतियां सामने आ रही हैं। विशेष रूप से हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी के एक ही दिन पड़ने को लेकर श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
इस संबंध में भागवताचार्य पंडित विकास मिश्रा, राजिम धाम ने स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्ष 2026 में हरितालिका तीज का व्रत 14 सितंबर, सोमवार को ही रखा जाएगा। इसका कारण यह है कि इस दिन सूर्योदय के समय भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि विद्यमान रहेगी। तृतीया तिथि समाप्त होने के पश्चात चतुर्थी तिथि प्रारंभ होगी।
पंडित विकास मिश्रा ने बताया कि हिंदू पंचांग में पर्व की तिथि का निर्धारण केवल कैलेंडर की तारीख देखकर नहीं, बल्कि तिथि के उदय, समाप्ति और संबंधित पर्व के शास्त्रीय नियमों के आधार पर किया जाता है। इसलिए एक ही अंग्रेजी तारीख में दो तिथियों का आना कोई विरोधाभास नहीं है।
उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज भाद्रपद शुक्ल तृतीया को मनाई जाती है। वर्ष 2026 में तृतीया का संयोग 14 सितंबर को होने के कारण इसी दिन माता पार्वती और भगवान शिव का पूजन एवं हरितालिका तीज व्रत किया जाएगा। तृतीया के बाद चतुर्थी प्रारंभ होने के कारण इसी तारीख को गणेश चतुर्थी का पर्व भी पड़ रहा है।
सोशल मीडिया की अपुष्ट जानकारी से बचें
पंडित विकास मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों की तिथियों को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट संदेशों पर विश्वास करने के बजाय प्रामाणिक पंचांग एवं विद्वान आचार्यों के मत को आधार बनाएं।
उन्होंने कहा कि धर्म आस्था के साथ-साथ गणना और परंपरा का भी विषय है। तिथि के वैज्ञानिक एवं खगोलीय आधार को समझने पर ऐसी भ्रांतियां स्वतः दूर हो जाती हैं।
हरितालिका तीज केवल व्रत का पर्व नहीं, बल्कि माता पार्वती की तपस्या, संकल्प, निष्ठा और भगवान शिव की प्राप्ति की आध्यात्मिक यात्रा का प्रतीक है। इसलिए इस पावन पर्व को भ्रम से नहीं, बल्कि सही ज्ञान और श्रद्धा के साथ मनाना चाहिए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!