मानवता की मिसाल बने वार्ड 18 के पार्षद जग्गू यादव, ट्यूब के सहारे बचाई दुधमुंहे बच्चे और गर्भवती महिला की जान
गोबरा नवापारा - बाढ़ के बीच जब हर तरफ पानी ही पानी था, तब वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद और नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा के सभापति जग्गू (जागेश्वर) यादव ने जो किया, वह मानवता की सच्ची मिसाल बन गया। रात भर जागकर जग्गू यादव अपने सहयोगी साथियों और नव परिवर्तन समाजसेवी संस्था के सदस्यों के साथ घर-घर जाकर लोगों का हालचाल पूछते रहे और उन्हें सुरक्षित रहने का संदेश देते रहे। सुबह 4 बजे जैसे ही पानी और बढ़ा, वे केवल 2 ट्यूब के सहारे जान जोखिम में डालकर बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने निकल पड़े।
उन्होंने जलमग्न घरों में फंसे 4 माह के दुधमुंहे बच्चे, 7 माह से अधिक की गर्भवती महिला, कई अन्य महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर तक पहुंचाया। साथ ही बेघर हुए पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बचाए गए सभी लोगों के लिए उनके चाहने वालों द्वारा स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। वार्डवासियों ने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में जब अपना भी साथ छोड़ देता है, तब उनके पार्षद ने देवदूत बनकर उनकी जान बचाई। नगर के लोगों ने ऐसे जनप्रतिनिधि के कार्य को साधुवाद दिया और कहा यही तो है सच्चा जनसेवक।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें