गोबरा नवापारा में PDS चावल का बड़ा खेल उजागर: 60 बोरी चावल लोड पिकअप जब्त, पार्षदों के छापे से मचा हड़कंप


गोबरा नवापारा - नवापारा नगर पालिका क्षेत्र में संचालित राशन दुकान से कथित तौर पर PDS चावल की हेराफेरी कर उसे बेचने की तैयारी का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 2 की राशन दुकान के बाहर पिकअप वाहन में चावल की बोरियां लोड किए जाने के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 2 की राशन दुकान के बाहर पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MW 3045 में चावल की बोरियां लोड की जा रही थीं। इसी दौरान कांग्रेस पार्षद अर्जुन साहू, राम रतन निषाद, टिकेश गिलहरे, फागू देवांगन, अजय साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव, महामंत्री सुरेन्द्र साहू, वीरेंद्र सिंह राजपूत, रूपाली राजपूत सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और वाहन को रोककर मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 50 से 60 बोरी चावल लोड किया जा चुका था, जिसकी मात्रा लगभग 2 से 2.5 टन होने का अनुमान है।

जांच में जुटी खाद्य विभाग की टीम

मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दिए जाने के बाद चावल से लदे पिकअप वाहन को गोबरा नवापारा थाने ले जाया गया। जहां खाद्य विभाग के अधिकारियों में श्रद्धा चौहान, खाद्य निरीक्षक के साथ विवेक मिश्रा ने सभी पक्षों के बयान लिए और पिकअप में रखे चावल को जब्त कर वेयर हाउस गोदाम में रखवाया गया। इसके बाद खाद्य अधिकारियों ने राशन दुकान का भी निरीक्षण किया और स्टॉक रजिस्टर, आवक-जावक की जांच की।

सूत्रों के अनुसार चावल को दूसरे जगह शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बोरी बदलकर किस हिसाब से और कहां शिफ्ट किया जा रहा था।

कई सवालों के घेरे में राशन दुकान

यदि स्टॉक रजिस्टर में दर्ज आवक-जावक में गड़बड़ी मिलती है तो यह बड़ा सवाल खड़ा होता है कि आखिर किसके संरक्षण में इस तरह के कारनामे को अंजाम दिया जा रहा है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी मात्रा में चावल किस उद्देश्य से लोड किया जा रहा था और कहां ले जाया जाना था। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि परिवहन नियमानुसार था या इसमें अनियमितता हुई है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!