बिजली बिल बकाया पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी का केस दर्ज


नवापारा-राजिम - विद्युत विभाग नवापारा राजिम संभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। विभाग ने अभनपुर ब्लॉक के अंतर्गत लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के स्मार्ट विद्युत मीटर को ऑनलाइन डिस्कनेक्ट किया था।

बिल भुगतान नहीं करने के बाद भी बिजली उपयोग करने की शिकायत मिलने पर विभाग की टीम ने 149 उपभोक्ताओं के घरों में सघन जांच की। जांच के दौरान 131 उपभोक्ताओं के कनेक्शन और मीटर सही पाए गए, लेकिन 18 उपभोक्ता ऐसे मिले जो मीटर से छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे थे।

जांच टीम ने पाया कि इन उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को बायपास कर सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। इस पर विद्युत विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सभी 18 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और विद्युत विशेष न्यायालय में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों पर जुर्माना के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और मीटर से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में इस तरह की जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और बकायादारों व बिजली चोरी करने वालों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ग्राम सभा में बवाल: उपसरपंच से मारपीट का आरोप, सरपंच पुत्र समेत 7 लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत

डोमन की बैलगाड़ी बारात: विधायक रोहित साहू के साथ परंपरा का अनोखा उत्सव

गौरव ने बढ़ाया राजिम का गौरव, CGPSC में धमाकेदार 47वीं रैंक!