सेवा संकल्प के अंतर्गत रंगोली, भाषण, वृक्षारोपण एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सेवा भावना एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
गोबरा नवापारा। सेवा संकल्प के अंतर्गत श्री कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय, गोबरा नवापारा में रंगोली, भाषण, वृक्षारोपण एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंद्रकांति वर्मा, उपाध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विशेष अतिथि अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में चंद्रकला वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष, तिल्दा, ओमकुमारी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष, गोबरा नवापारा तथा जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती जीना निषाद सहित समिति के समस्त सदस्य शामिल हुए।
मुख्य अतिथि चंद्रकांति वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उन्हें व्यवहार में अपनाने का अवसर है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सेवा, सहयोग एवं सामाजिक संवेदनशीलता के संस्कार भी विकसित करने चाहिए। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के महत्त्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली एवं भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों ने जागरूकता संबंधी संदेश प्रस्तुत किए। वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा शपथ ग्रहण के माध्यम से सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जनभागीदारी समिति के सदस्यों एवं महाविद्यालय परिवार की सहभागिता रही। आयोजन ने विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें