क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना हेतु माता दरबार में पहुंचे पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू, विभिन्न दुर्गा पंडालों में लिया दर्शन लाभ
गोबरा नवापारा। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर अभनपुर के पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्तिमय माहौल के बीच नगर के विभिन्न दुर्गोत्सव पंडालों में विराजमान मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने नगर के सुप्रसिद्ध मां काली मंदिर सहित विभिन्न पंडालों में पहुंचकर माता रानी का दर्शन लाभ लिया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और अमन-चैन की कामना की। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र शक्ति की उपासना का महान पर्व है। मां भगवती की कृपा से हर घर में सुख-समृद्धि आए, किसान खुशहाल हो, युवाओं को रोजगार मिले और क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े, यही माता रानी से प्रार्थना है। उन्होंने सभी नगरवासियों को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। दर्शन के दौरान विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों द्वारा पूर्व विधायक साहू का चुनरी ओढ़ाकर, श्रीफल और प्रसाद भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। श्री साहू ने समिति सदस्यों से आयोजन की जानकारी ली और भव्य आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने पंडालों में की गई आकर्षक सज्जा और माता की भव्य प्रतिमाओं की सराहना भी की। इस अवसर पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामा यादव, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, वरिष्ठ नेता जीत सिंह, सौरभ शर्मा, चंद्रहास साहू, अर्जुन साहू, सुरेंद्र साहू, राजा चावला, अजय साहू, हेमंत साहनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने भी माता के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।नवरात्र के दौरान पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू का यह दर्शन कार्यक्रम नगर में चर्चा का विषय बना रहा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और भक्तों ने भी उनका स्वागत किया। श्री साहू ने सभी से आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें